टूर्नामेंट के दौरान एक से दूसरे शहर जाने के बाद खिलाड़ियों को क्वारैंटाइन नहीं होना पड़ेगा, ईसीबी ने सरकार से मंजूरी ली; तीन शहरों में होने हैं 60 मैच

आईपीएल टीमों को अब टूर्नामेंट के दौरान एक से दूसरे शहर जाने के बाद क्वारैंटाइन नहीं होना पड़ेगा। एमिरेट्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) से जुड़े सूत्रों ने मंगलवार को इसकी पुष्टि की।

ईसीबी ने न्यूज एजेंसी को बताया कि दुबई, अबु धाबी और शारजाह में होने वाले मैच के लिए सभी जरूरी मंजूरी मिल गई है। खिलाड़ियों के लिए स्थानीय सरकारों की मदद से प्रोटोकॉल तैयार किया गया है। इसके तहत खिलाड़ी एक से दूसरे वेन्यू तक सीधे पहुंचेंगे और बिना क्वारैंटाइन हुए मैच खेलेंगे। इसके बाद वे दोबारा अपने होटल लौट आएंगे।

खिलाड़ियों को बायो सिक्योर बबल में रहना होगा

अभी यूएई पहुंचने पर खिलाड़ियों को ट्रेनिंग शुरू करने से पहले 7 दिन के लिए क्वारैंटाइन होना पड़ा था और इस दौरान सभी खिलाड़ियों के पहले, तीसरे और छठे दिन कोरोना टेस्ट हुए थे।ईसीबी से जुड़े सूत्र ने न्यूज एजेंसी को आगे बताया कि टीमों को बीसीसीआई के प्रोटोकॉल के मुताबिक, बायो सिक्योर बबल में रहना होगा। सिर्फ उन्हीं खिलाड़ियों या सपोर्ट स्टाफ के सदस्यों को क्वारैंटाइन किया जाएगा, जो बाद में टीम के साथ जुड़ेंगे।

लीग के 60 मैच तीन शहरों में

लीग के सभी 60 मैच तीन वेन्यू दुबई, अबु धाबी और शारजाह में खेले जाएंगे। हालांकि, तीन हफ्ते का वक्त बचा होने के बावजूद बीसीसीआई अब तक लीग का शेड्यूल जारी नहीं कर पाई है। इसकी कई वजहें सामने आ रही हैं। इसमें चेन्नई सुपरकिंग्स के 2 खिलाड़ियों समेत 13 लोगों का कोरोना संक्रमित होने के अलावा अबु धाबी का कड़ा कोरोना प्रोटोकॉल भी एक वजह है।

यूएई में बढ़ते कोरोना मामलों के बाद सरकार ने बाहर से आने वालों की कड़ाई से जांच शुरू कर दी है। इसका सबसे ज्यादा असर अबु धाबी में है। दुबई-अबु धाबी बॉर्डर पर हर आने-जाने वाले की कोरोना जांच हो रही है। इसकी रिपोर्ट में आने में दो घंटे का वक्त लगता है। ऐसे में अगर टीमों को किसी दूसरे शहर से यहां आकर मैच खेलना होगा, तो टेस्ट के नाम पर समय की काफी बर्बादी होगी।

इसे लेकर ही बीसीसीआई और आईपीएल की गवर्निंग काउंसिल के अधिकारी तीनों स्टेट की सरकारों से कोविड प्रोटोकॉल में छूट की मांग कर रहे थे। क्वारैंटाइन रूल में छूट मिलने से खिलाड़ी आसानी से एक से दूसरे शहर मैच खेलने जा सकते हैं।

आईपीएल का पहला लेग दुबई में हो सकता है

इसके बाद भी बीसीसीआई दूसरे प्लान पर भी काम कर रही है। इसके तहत आईपीएल का पहला लेग दुबई में कराया जा सकता है। ऐसा इसलिए भी संभव दिख रहा है, क्योंकि 8 में से 6 टीमों ने दुबई को बेस बनाया है, जबकि कोलकाता और मुंबई टीम अबु धाबी में हैं।

बोर्ड के प्लान के मुताबिक, दुबई में पहले 20 मैच कराए जा सकते हैं। अगर ऐसा होता है, तो सिर्फ कोलकाता नाइटराइडर्स और मुंबई इंडियंस को ट्रैवल करना पड़ेगा। जो 6 टीमों के अबु धाबी या शारजाह जाकर खेलने से बेहतर विकल्प है।

आईपीएल के 13वें सीजन का आयोजन यूएई में 19 सितंबर से 10 नवंबर तक होना है। पहली बार फाइनल वीकेंड की जगह वीक-डे पर होगा।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
यह फोटो राजस्थान रॉयल्स टीम की है। सभी खिलाड़ी पीपीआई किट पहनकर 21 अगस्त को यूएई पहुंचे थे। 7 दिन क्वारैंटाइन पूरा करने के बाद टीम ने ट्रेनिंग शुरू कर दी है। -फाइल


https://ift.tt/32HAgyM September 01, 2020 at 04:46PM
https://ift.tt/1PKwoAf
Previous Post Next Post

Contact Form