बॉलीवुड डेस्क. अमिताभ बच्चन के बंगले 'जलसा' के बाहर हर रविवार फैन्स का तांता लगता है। इनमें 41 साल के जफर शेख भी शामिल हैं, जो हर सप्ताह बिग बी से मिलने जाते हैं। बीते सप्ताह इस मुलाकात से ठीक एक दिन पहले यानी शनिवार को जफर ने कुछ किलोमीटर तक पीछा कर एक चैन स्नैचर को पकड़कर पुलिस के हवाले किया। इस दौरान हुई हाथापाई में उनके हाथ में चोट आई, जिसके चलते करीब 10 टांके आए हैं। हालांकि, रविवार को हाथ पर पट्टी बंधी होने के बावजूद जफर बिग बी से मिलने पहुंचे।
ऐसे पकड़ा चैन स्नैचर को
वसई निवासी जफर अंधेरी (पूर्व) में चाबी बनाने की दुकान चलाते हैं। शनिवार शाम करीब 7 बजे जब वे अपनी दुकान में काम कर रहे थे, तभी उन्होंने देखा कि एक आदमी दुकान के सामने से गुजर रही बुजुर्ग महिला (करीब 60 वर्षीय) की सोने की चीन खींचकर भाग रहा है। जफर ने तुरंत उसका पीछा किया और करीब एक किलोमीटर भागने के बाद वे उसे रोकने में सफल हुए। आरोपी की पहचान 22 साल के इमरान शब्बीर शेख के रूप में हुई है।
चोट के बावजूद पुलिस स्टेशन तक घसीटा
मिड डे से बातचीत में जफर ने बताया, "मैंने उसे चैन खींचकर भागते हुए देखा तो करीब एक किलोमीटर तक उसका पीछा गया। लेकिन जैसे ही मैंने उसे रोका तो उसने अपने पॉकेट से ब्लेड निकाली और मेरे दोनों हाथों पर मार दी। इसके बाद भी मैंने उसे पुलिस स्टेशन तक घसीटा और गिरफ्तार करवा दिया।"
अमिताभ ने गले लगाकर बधाई दी
जफर ने आगे कहा, "मुझे खुशी है कि महिला को चैन वापस मिल गई। मैं अमिताभ बच्चन का बहुत बड़ा फैन हूं। इस घटना के बाद मैं उनसे उनके घर पर मिला। जब उन्होंने मेरे हाथ के बारे में पूछा तो मैंने उन्हें सब कुछ बता दिया। उन्होंने मुझे बधाई दी और गले से लगाया।"
दर्जनभर वारदातों में आरोपी का नाम
अंधेरी पुलिस स्टेशन के सीनियर इंस्पेक्टर विजय वेल्गे ने कहा, "आरोपी इमरान शेख हवालात में है। जफर शेख ने बहुत अच्छा काम किया है।" पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी दर्जनभर वारदातों में शामिल रह चुका है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
https://ift.tt/2PJJhCh
December 21, 2019 at 04:37PM
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2ZgBFKv