खेल रत्न के लिए महिला टीम की कप्तान रानी का नाम भेजा; वंदना, मोनिका और पुरुष खिलाड़ी हरमनप्रीत अर्जुन पुरस्कार के लिए नामित

हॉकी इंडिया ने मंगलवार को राष्ट्रीय महिला टीम की कप्तान रानी रामपाल के नाम की सिफारिश राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार के लिए की है। साथ ही अर्जुन अवॉर्ड के लिए वंदना कटारिया, मोनिका और पुरुष टीम के खिलाड़ी हरमनप्रीत सिंह का नाम भेजा है। पिछली बार पैरालिम्पिक में रजत पदक जीतने वाली दीपा मलिक और रेसलर बजरंग पूनिया को खेल रत्न अवॉर्ड मिला था।

लाइफटाइम अचीवमेंट मेजर ध्यानचंद अवॉर्ड के लिए हॉकी इंडिया ने पूर्व दिग्गज आरपी सिंह और तुषार खांडकर की सिफारिश की है। वही, कोच बीजे करिअप्पा और रोमेश पठानिया को द्रोणाचार्य सम्मान के लिए नामित किया गया है।

खेल पुरस्कार के लिए तीन साल (1 जनवरी 2016 से 31 दिसंबर 2019) का प्रदर्शन देखा जाएगा। इस दौरान रानी की कप्तानी में भारतीय टीम ने महिला एशिया कप 2017 में ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी। साथ ही रानी ने 2018 एशियाई खेलों में रजत और 2019 में एफआईएच ओलिंपिक क्वालिफायर में शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम को ओलिंपिक कोटा दिलवाया।

रानी को अर्जुन और पद्म श्री सम्मान मिल चुका
रानी की कप्तानी में ही पहली बार भारतीय टीम एफआईएच वर्ल्ड रैंकिंग में करियर के सर्वश्रेष्ठ 9वें स्थान पर भी पहुंची है। रानी पहली भारतीय महिला खिलाड़ी हैं, जिन्हें विश्व खेल एथलीट ऑफ द ईयर के रूप में नामित किया गया है। रानी को अर्जुन पुरस्कार (2016) और पद्म श्री (2020) भी मिल चुका है।

वंदना 200 से ज्यादा मैच खेल चुकीं
भारतीय टीम की स्ट्राइकर वंदना 200 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुकी हैं। जबकि अर्जुन पुरस्कार के लिए नामित दूसरी खिलाड़ी मोनिका 150 से ज्यादा मैच में देश का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। दोनों खिलाड़ियों ने ओलिंपिक क्वालिफायर और ओलिंपिक टेस्ट इवेंट में टीम की जीत में महत्चपूर्ण भूमिका निभाई है।

2017 में हॉकी स्टार सरदार सिंह को खेल रत्न मिला था
सरदार सिंह खेल रत्न पाने वाले हॉकी के आखिरी खिलाड़ी थे। उन्हें यह सम्मान 2017 में भारतीय एथलीट देवेंद्र झाझरिया के साथ मिला था। देवेंद्र ने पैरालंपिक खेलों में दो स्वर्ण पदक जीते हैं। इससे पहले भारतीय हॉकी लेजेंड धनराज पिल्लै को 2000 में यह सम्मान मिला था।

पहली बार खेल मंत्रालय ने ऑनलाइन आवेदन मंगाए
खेल मंत्रालय ने कोरोनावायरस की वजह से इस बार राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों के दावेदारों से नामांकन पहली बार ई-मेल से मंगाए हैं। आमतौर पर नामांकन भेजने की प्रक्रिया अप्रैल में ही शुरू हो जाती है, लेकिन इस बार लॉकडाउन की वजह से मई में आवेदन मांगे गए हैं। इसकी आखिरी तारीख 3 जून है।

खेल दिवस पर राष्ट्रपति देते हैं पुरस्कार
हर साल 29 अगस्त को हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यान चंद की जयंती पर राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया जाता है। इस मौके पर राष्ट्रपति भवन में आयोजित सादे समारोह में राजीव गांधी खेल रत्न, अर्जुन अवॉर्ड, द्रोणाचार्य अवॉर्ड और ध्यानचंद पुरस्कार दिया जाता है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
रानी रामपाल की कप्तानी में ही पहली बार भारतीय टीम वर्ल्ड रैंकिंग में करियर के सर्वश्रेष्ठ 9वें स्थान पर पहुंची है। रानी पहली भारतीय महिला खिलाड़ी हैं, जिन्हें वर्ल्ड स्पोर्ट्स एथलीट ऑफ द ईयर के रूप में नामित किया गया है। -फाइल फोटो


https://ift.tt/3gKjTrj June 02, 2020 at 03:48PM
https://ift.tt/1PKwoAf
Previous Post Next Post

Contact Form