स्पेन के टेनिस स्टार राफेल नडाल और ऑस्ट्रेलिया की महिला खिलाड़ी एश्ले बार्टी ने इस साल होने वाले यूएस ओपन को लेकर चिंता जाहिर की है। नडाल ने कहा कि अमेरिका समेत पूरी दुनिया में कोरोना की स्थिति पूरी तरह ठीक होने पर ही टेनिस शुरू होना चाहिए।
डिफेंडिंग चैम्पियन नडाल ने गुरुवार को कहा, ‘‘यदि आप आज की स्थिति में मुझसे यूएस ओपन खेलने के लिए कहेंगे, तो मैं कहूंगा नहीं।’’ न्यूयॉर्क में इस साल यूएस ओपन 24 अगस्त से 13 सितंबर तक होना है।
देखना होगा कि वायरस कैसे विकसित हुआ
स्पेनिश स्टार ने कहा, ‘‘कुछ महीनों में क्या होगा, मैं यह नहीं जानता। मैं उम्मीद करता हूं कि लोगों की सामान्य जिंदगी वापस पटरी पर लौट आएगी। जब यह हो जाएगा, तब यह देखने के लिए इंतजार करेंगे कि यह वायरस कैसे विकसित हुआ था।’’
20 सितंबर से होगा फ्रेंच ओपन
इस साल जनवरी-फरवरी में पहला ग्रैंड स्लैम ऑस्ट्रेलियन ओपन हो चुका है, जबकि जुलाई में होने वाले विंबलडन को रद्द कर दिया गया। दूसरे विश्व युद्ध के बाद यह टूर्नामेंट पहली बार रद्द हुआ। वहीं, 24 मई से होने वाले फ्रेंच ओपन की तारीख बढ़ाकर 20 सितंबर कर दी गई है।
यूएस ओपन से पहले अमेरिकी हालात की सही जानकारी जरूरी
वर्ल्ड नंबर-1 महिला खिलाड़ी बार्टी ने कहा, ‘‘यह सुनकर रोमांचित हूं कि फिर से टेनिस की चर्चा शुरू होने लगी है। साथ ही टूर्नामेंट शुरू करने की दिशा में सही सोच आगे बढ़ रही है। लेकिन मुझे यूएस ओपन पर कोई फैसला आने से पहले मुझे डब्ल्यूटीए (वर्ल्ड टेनिस एसोसिएशन) और यूएसटीए (अमेरिकी टेनिस एसोसिएशन) से अमेरिका में कोरोना की स्थिति को लेकर सही और पूरी जानकारी लेनी होगी। क्योंकि, यह सिर्फ मेरे लिए नहीं, बल्कि मेरी टीम के लिए भी जरूरी है।’’
दो महीने बाद नडाल ने प्रैक्टिस शुरू की
नडाल ने 2 महीने बाद फिर से प्रैक्टिस शुरू कर दी है। हाल ही में उन्होंने एक वीडियो में शेयर कर कहा था, ‘‘मैं कोर्ट पर वापस आ गया हूं । मैं खुश हूं कि बच्चे यहां राफा नडाल अकादमी में फिर से अभ्यास कर सकते हैं। वे खुश हैं और यह सबसे महत्वपूर्ण बात है।’’पिछली बार नडाल ने यूएस ओपन के फाइनल में रूस के दानिल मेदवेदेव को हराकर चौथी बार खिताब जीता था।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
https://ift.tt/2MJvXM1 June 05, 2020 at 04:03PM
https://ift.tt/1PKwoAf