दुनिया को अलविदा कहने वाले भारतीय हॉकी लेजेंड बलबीर सिंह सीनियर किसी पहचान के मोहताज नहीं है। बलबीर सिंह भी भारत के सबसे लोकप्रिय खेल क्रिकेट के दीवाने थे। उन्होंने 4 साल पहले पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी से कहा था, ‘‘आपकी जीत से मेरी सेहत बेहतर होती है।’’ लगातार 3 ओलिंपिक स्वर्ण पदक जीतने वाले बलबीर सिंह का 96 साल की उम्र में सोमवार को मोहाली में निधन हो गया।
बलबीर सिंह कई दिनों से बीमार थे। वे लंदन (1948), हेलसिंकी (1952) और मेलबर्न (1956) ओलिंपिक में गोल्ड जीतने वाली भारतीय टीम के सदस्य थे। उन्हें अंतरराष्ट्रीय ओलिंपिक कमेटी ने आधुनिक ओलिंपिक इतिहास के 16 महानतम खिलाड़ियों में शामिल किया था।
बलबीर सिंह का रिकॉर्ड अब भी कायम
भारतीय लेजेंड ने 1952 हेलसिंकी ओलिंपिक के फाइनल में नीदरलैंड के खिलाफ 5 गोल किए थे। यह वर्ल्ड रिकॉर्ड अब भी कायम है। भारत ने इस मैच को 6-1 से जीता था। उन्हें 1957 में पद्मश्री से सम्मानित किया गया था और 1975 में भारत की विश्व कप विजेता टीम के मैनेजर भी थे
4 साल पहले हुई थी धोनी-बलबीर सिंह की मुलाकात
दरअसल, भारतीय टीम टी-20 वर्ल्ड कप का एक मैच खेलने के लिए मार्च 2016 में मोहाली आई थी। यह मैच ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ था, जिसे भारत ने 6 विकेट से जीता था। मैच से पहले बलबीर सिंह ने भारतीय टीम से मुलाकात की थी। तब धोनी ने उनके स्वास्थ्य के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा था कि आपकी जीत ही मेरी सेहत बेहतर होती है।
बलबीर सिंह ने तीसरा वर्ल्ड कप जीतने की शुभकामना दी थी
तब 92 साल के बलबीर सीनियर ने धोनी से कहा था, ‘‘मैं भारतीय क्रिकेट टीम को तीसरा वर्ल्ड कप जीतने और स्वर्णिम हैट्रिक पूरी करने की शुभकामना देने आया हूं।’’ भारत ने तब ऑस्ट्रेलिया को हराकर टी-20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में जगह बनाई थी। हालांकि, सेमीफाइनल में वेस्टइंडीज से हार गई थी। भारतीय टीम ने धोनी की अगुआई में 2007 में टी-20 और 2011 में वनडे वर्ल्ड कप जीता था।
बलबीर के नाम पर रखा जाएगा मोहाली स्टेडियम का नाम
पंजाब के खेल मंत्री राणा गुरमीत सोढी ने सोमवार को बलबीर सीनियर को श्रद्धांजलि दी। साथ ही मोहाली के अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम का नाम लेजेंड बलबीर के नाम पर रखने की घोषणा भी की।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
https://ift.tt/3gsltye May 26, 2020 at 04:55PM
https://ift.tt/1PKwoAf