अनुपम खेर ने शेयर किया ऋषि के साथ बनाया अपना आखिरी वीडियो, बोले- भगवान ने उन्हें बनाकर सांचा तोड़ दिया था

बॉलीवुड के सदाबहार अभिनेता ऋषि कपूर का गुरुवार सुबह मुंबई में निधन हो गया। वे 67 साल के थे और पिछले दो साल से ल्यूकेमिया यानि ब्लड कैंसर से जूझ रहे थे। उनके निधन से दुखी अनुपम खेर ने सोशल मीडिया पर एक भावुक संदेश लिखते हुए ऋषि के साथ बनाया अपना आखिरी वीडियो शेयर किया। जिसे उन्होंने पिछले साल न्यूयॉर्क में बनाया था। इसे शेयर करते हुए अनुपम ने लिखा भगवान ने ऋषि को बनाकर उनका साँचा तोड़ दिया था।

अपनी पोस्ट के साथ अनुपम ने लिखा, 'ऋषि कपूर से ज्यादा जिंदादिल, बेबाक, जोर-जोर से ठहाके लगाने वाला, एक बच्चे जैसी जिज्ञासा रखने वाला मैंने अपनी जिंदगी में कभी नहीं देखा। भगवान ने उनका सांचा बनाकर तोड़ दिया था। दुख इतना गहरा है, आंसू निकल ही नहीं रहे। न्यूयॉर्क में उनके साथ आखिरी वीडियो। आप हमेशा रहोगे। हैलो.. हैलो.. हैलो..' उन्होंने जो वीडियो शेयर किया उसमें अनुपम और ऋषि के अलावा नीतू कपूर भी दिख रही हैं।

वीडियो में हैलो.. हैलो.. करते दिखे ऋषि

अनुपम ने जो वीडियो शेयर किया वो न्यूयॉर्क का है, जब ऋषि वहां कैंसर का इलाज कराने गए थे। वीडियो में अनुपम कहते हैं, 'ये सिर्फ न्यूयॉर्क की गलियों में ही संभव हो सकता है। हम 51 ईस्ट स्ट्रीट, थर्ड एवेन्यू में येलो कैब के अंदर हैं और देखिए मेरे साथ कौन हैं।' इसके बाद कार की पिछली सीट पर बैठे ऋषि कपूर दिखाई देते हैं, जो कहते हैं, 'हैलो... हैलो... हैलो...'। उनके बाद नीतू कपूर दिखाई देती हैं, वे भी 'हैलो.. हैलो...' कहती हैं। अंत में अनुपम कहते हैं, 'देखा कुछ भी हो सकता है दोस्तों, फिर ना कहना। हो रहा है कि नहीं हो रहा।'

पिछले साल शेयर किया था मूल वीडियो

अनुपम ने आज जोवीडियो शेयर किया, उसका मूल वीडियो उन्होंने पिछले साल 21 अगस्त को शेयर किया था, जब वे कपूर दंपति के साथ मास्टरशेफ विकास खन्ना के घर डिनर के लिए गए थे। तब उन्होंने बताया था कि 'इस सफर के अंत में हम इस बात को लेकर बच्चों की तरह लड़े थे कि टैक्सी का किराया कौन देगा।'

##

2 साल पहले कैंसर हुआ था

साल 2018 में ऋषि कपूर को कैंसर होने का पता चला था, जिसके बाद वे इलाज के लिए अमेरिका गए थे। वहां 11 महीने रहने के बाद पिछले साल सितंबर में भारत लौटे थे। अमेरिका में पूरे वक्त उनके साथ उनकी पत्नी नीतू ही थीं। रणबीर कपूर कई बार उनसे मिलने न्यूयॉर्क गए थे। कुछ दिनों पहले ऋषि ने एक इंटरव्यू में कहा था, 'अब मैं बहुत बेहतर महसूस कर रहा हूं। और कोई भी काम कर सकता हूं। सोच रहा हूं कि एक्टिंग दोबारा कब शुरू करूं। पता नहीं लोगों को अब मेरा काम पसंद आएगा भी या नहीं। न्यूयॉर्क में मुझे कई बार खून चढ़ाया गया था। तब मैंने नीतू से कहा था- उम्मीद करता हूं कि नए खून के बावजूद मैं एक्टिंग नहीं भूलूंगा।'

फरवरी में दो बार अस्पताल में भर्ती हुए थे

ऋषि कपूर फरवरी में दो बार अस्पताल में भर्ती हुए थे। एक बार जब वे दिल्ली में एक पारिवारिक कार्यक्रम में भाग लेने गए थे तो उन्हें वहां के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उस समय खुद ऋषि ने कहा था कि वे संक्रमण से पीड़ित थे। मुंबई लौटने के बाद उन्हें फिर से वायरल बुखार के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उनकी तबीयत जल्दी सुधर जाने के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई थी।

पिछले साल ऋषि के जन्मदिन पर भी वीडियो शेयर दी थी बधाई

अनुपम खेर ने पिछले साल 4 सितंबर को ऋषि के जन्म दिन पर इसी टैक्सी जर्नी के दौरान बनाए एक वीडियो को शेयर करते हुए उन्हें बर्थडे विश किया था।

##



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
अनुपम खेर ने ऋषि कपूर के साथ अपना जो आखिरी वीडियो शेयर किया उसे उन्होंने पिछले साल 21 अगस्त को बनाया था। (फोटो/वीडियो साभारः अनुपम खेर के सोशल मीडिया अकाउंट से)

https://ift.tt/2VNvTQo
April 30, 2020 at 01:47PM
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2zJy7b8
Previous Post Next Post

Contact Form