खेल डेस्क. सचिन तेंदुलकर ने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए एक होटल कर्मचारी को ढूंढने में यूजर्स से मदद मांगी थी। जिसका पता अब चल चुका है, वो व्यक्ति चेन्नई के करीब पेरम्बदूर का रहने वाला गुरुप्रसाद है, जिसकी सलाह पर ही सचिन ने अपने आर्मगार्ड की डिजाइन को बदला था। यूं अचानक लाइमलाइट में आने के बाद गुरुप्रसाद का कहना है कि उनके जैसा महान व्यक्ति मुझसे मिलना चाहता है, मेरे लिए इससे अच्छी बात क्या हो सकती है।
सचिन के साथ हुई मुलाकात को याद करते हुए गुरुप्रसाद ने बताया, 'उस दौरान मैं होटल ताज में एक सिक्यूरिटी गार्ड के रूप में काम कर रहा था। उस दिन सचिन अपने कमरे से बाहर निकल रहे थे, तभी मैंने लिफ्ट के पास उन्हें देखा और जाकर उनसे ऑटोग्राफ मांगा। इसके बाद मैंने उन्हें वो आर्म-गार्ड वाली बात कही, जो कि पिछले कई महीनों से मेरे दिमाग में ही थी। सचिन अपने आर्म-गार्ड की वजह से ही आउट हो रहे थे।'
गलत जगह आर्म-गार्ड लगाने से सब बिगड़ जाता है
आगे गुरुप्रसाद ने कहा, 'जब आप सचिन के खेल को बेहद बारीकी से देखते हैं तो आपको पता चलता है कि वे अपनी कलाई का इस्तेमाल इस तरह से करते हैं कि वो उनके लिए महत्वपूर्ण हो जाता है। जब आप तेज गेंदबाजों का सामना करते हैं तो वे एक खास बिंदु पर आक्रमण करते हैं और अगर आप सही जगह पर गार्ड नहीं लगा रहे हैं तो टाइमिंग और सब कुछ गलत हो जाएगा। इसके बाद उन्होंने मुझसे पूछा कि आपको ये बात कैसे पता? तो मैंने उनसे कहा, कि मैं आपको टेलीविजन पर देख रहा था और मुझे लगता है कि गार्ड की वजह से आपका बैट पूरी तरह नहीं घूम पाता।'
परिवार के साथ वक्त बिताने का अनुरोध किया
सचिन से मुलाकात को उत्साहित गुरुप्रसाद ने आगे कहा, 'उनके जैसे महान व्यक्ति से मिलने के लिए फैंस उत्सुक रहते हैं और यहां खुद मास्टर ब्लास्टर मुझसे मिलने की इच्छा जता रहे हैं। ये बहुत ही रोमांचक है। मैं जहां रहता हूं वहां के लोग और मेरे दोस्त कुछ ज्यादा ही उत्साहित हैं और वे सचिन से मिलना चाहते हैं। इसलिए मैं सचिन से व्यक्तिगत रूप से मिलने और कुछ वक्त मेरे परिवार और दोस्तों के साथ बिताने का अनुरोध करता हूं।'
ताज होटल ने भी शेयर किया फोटो
सचिन के वीडियो को देखने के बाद ताज होटल ने भी अपने ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट से एक ट्वीट करते हुए सचिन को शुक्रिया कहा, साथ ही अपने कर्मचारी पर गर्व जताया। अपने ट्वीट में ताज होटल्स ने लिखा, 'चेन्नई में रूकने के दौरान हमारे एक सहयोगी के साथ अपनी यादगार मुलाकात को साझा करने के लिए मि. तेंदुलकर आपका धन्यवाद। हमें अपने सहयोगियों पर गर्व है, जिन्होंने ताज की संस्कृति को आत्मसात किया। हम उसका पता लगा चुके हैं और आप दोनों की एक बैठक करवाकर हमें बेहद खुशी होगी।' इस ट्वीट के साथ एक फोटो भी शेयर किया, जिसमें सचिन के साथ होटल कर्मचारी दिख रहा है।
सचिन ने ट्वीट कर मांगी थी मदद
इससे पहले शुक्रवार 13 दिसंबर को सचिन ने एक वीडियो शेयर करते हुए होटल कर्मचारी से हुई यादगार मुलाकात का किस्सा शेयर किया था। जिसमें उन्होंने बताया था कि किस तरह उस कर्मचारी की सलाह के बाद उन्होंने अपने आर्म-गार्ड की डिजाइन को बदला था। इस वीडियो के जरिए उन्होंने सोशल मीडिया यूजर्स से होटल ताज के उस कर्मचारी को ढूंढने में मदद भी मांगी थी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
https://ift.tt/34p80zN December 16, 2019 at 07:37PM
https://ift.tt/1PKwoAf