फोर्ब्स इंडिया सेलिब्रिटी 100 लिस्ट में विराट कोहली टॉप पर आए, इस पोजिशन पर पहुंचने वाले पहले स्पोर्ट्सपर्सन

खेल डेस्क. फोर्ब्स इंडिया ने साल 2019 के लिए 'सेलिब्रिटी 100 लिस्ट' जारी कर दी, जिसमें भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली पहले नंबर पर रहे। फोर्ब्स ने 1 अक्टूबर 2019 से 30 सिंतबर 2019 के बीच उनकी कुल कमाई 252.72 करोड़ रुपए आंकी। इस लिस्ट के पिछले आठ साल के इतिहास में ये पहला मौका है जब कोई स्पोर्ट्सपर्सन यहां टॉप पर रहा है। इससे पहले तक यहां सिर्फ बॉलीवुड स्टार्स का ही बोलबाला था। पिछली तीन बार सलमान खान टॉप पर रहे थे, वे इस बार तीसरे नंबर पर हैं। लिस्ट में विराट पिछले साल दूसरे नंबर पर वहीं साल 2017 में तीसरे नंबर पर थे।

फोर्ब्स इंडिया ने कोहली की कमाई का मुख्य जरिया मैच फीस, बीसीसीआई का सालाना अनुबंध, ब्रांड एंडोर्समेंट और प्रायोजित इंस्टाग्राम पोस्ट को बताया है। फोर्ब्स की इस लिस्ट में बॉलीवुड स्टार अक्षय कुमार 293.25 करोड़ रु की कमाई के साथ दूसरे नंबर पर रहे। खास बात ये है कि उनकी सालाना कमाई विराट से भी ज्यादा बताई गई, लेकिन फिर भी उन्हें दूसरे नंबर पर रखा गया। इसकी वजह वो प्रक्रिया रही, जिसे फोर्ब्स ने लिस्ट बनाने के लिए अपनाया।

अनुमानित आय और सोशल मीडिया पहुंच के आधार पर दी गई रैंकिंग

फोर्ब्स के मुताबिक 'सेलिब्रिटी रैंक की गणना उनकी अनुमानित आय और प्रिंट और सोशल मीडिया पहुंच के जरिए पाई उनकी लोकप्रियता के औसत के आधार पर की गई है। ऐसे में कुछ हस्तियां जिनकी कमाई कम और लोकप्रियता काफी ज्यादा है, उन्हें ज्यादा कमाई लेकिन बेहद कम लोकप्रियता वाली हस्तियों से ऊपर स्थान दिया गया है।' साल 2016 से लिस्ट में टॉप पर रहे सलमान खान इस बार तीसरे नंबर पर हैं। उनकी कमाई 229.25 करोड़ रुपए बताई गई है।

धोनी पांचवें और सचिन नौवें स्थान पर रहे

भारतीय टीम के पूर्व कप्तान एमएस धोनी और सचिन तेंदुलकर भी लिस्ट में टॉप-10 में जगह बनाने में कामयाब रहे। एमएस धोनी को 135.93 करोड़ रुपए की कमाई के साथ पांचवीं पोजिशन पर रखा गया, तो वहीं सचिन 76.96 करोड़ की आय के साथ नौवें नंबर पर रहे। फोर्ब्स के मुताबिक साल 2013 में संन्यास लेने के बाद भी सचिन हर साल टॉप-10 में जगह पाने में कामयाब रहते हैं। रोहित शर्मा को पिछले साल के मुकाबले इस साल 23 स्थानों का फायदा हुआ और वे 11वीं पोजिशन पर पहुंच गए। लिस्ट में शामिल अन्य क्रिकेटर्स ऋषभ पंत (30वीं), हार्दिक पंड्या (31वीं), जसप्रीत बुमराह (33वीं), लोकेश राहुल (34वीं), शिखर धवन (35वीं), रवींद्र जडेजा (51वीं) और कुलदीप यादव (61वीं) हैं।

अन्य खेलों के खिलाड़ियों ने भी जगह पाई

महिला क्रिकेट टीम से मिताली राज (88वीं), स्मृति मंधाना (90वीं) और हरमनप्रीत कौर (91वीं) भी सेलिब्रिटी 100 लिस्ट में जगह बनाने में कामयाब रहीं। अन्य खेलों से स्टार शटलर पीवी सिंधु (63वीं) और साइना नेहवाल (81वीं), फुटबॉलर सुनील क्षेत्री (85वीं), मुक्केबाज एमसी मैरीकॉम (87वीं), गोल्फर अनिर्बान लाहिरी (95वीं), रेसलर बजरंग पुनिया (94वीं) और टेनिस खिलाड़ी रोहन बोपन्ना (98वीं) भी इस लिस्ट में जगह पाने में कामयाब रहे।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली (फाइल फोटो)


https://ift.tt/34Ns3bk December 21, 2019 at 04:37PM
https://ift.tt/1PKwoAf
Previous Post Next Post

Contact Form