भले ही महेंद्र सिंह धोनी की टीम चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के लिए इस साल IPL सबसे बुरा सीजन रहा हो, लेकिन ट्विटर पर धोनी की CSK छाई रही। न्यूज एजेंसी के मुताबिक, संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में खेले गए टूर्नामेंट के दौरान चेन्नई को ट्विटर पर सबसे ज्यादा ट्वीट किया गया।
दूसरी ओर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के कप्तान विराट कोहली बतौर खिलाड़ी सबसे ज्यादा चर्चा में रहे। वहीं, किंग्स इलेवन पंजाब (KXIP) के निकोलस पूरन की फील्डिंग को लेकर सचिन तेंदुलकर के ट्वीट को सबसे ज्यादा बार री-ट्वीट किया गया।
मुंबई 5वीं बार चैम्पियन बनी
IPL के 13वें सीजन में 8 टीमों के बीच फाइनल समेत 60 मैच खेले गए थे। यह सीजन 19 सितंबर से 10 नवंबर तक चला। दिल्ली कैपिटल्स को हराकर मुंबई इंडियंस रिकॉर्ड 5वीं बार चैम्पियन बनी थी।
बेंगलुरु दूसरे और दिल्ली आखिरी स्थान पर
चेन्नई IPL इतिहास में पहली बार प्ले-ऑफ में जगह बनाने में कामयाब नहीं हो सकी थी। चेन्नई ने सीजन में कुल 14 में से 6 मुकाबले ही जीते थे, जबकि 8 में उसे हार का सामना करना पड़ा था। 12 पॉइंट्स के साथ चेन्नई पॉइंट्स टेबल में 7वें स्थान पर रही थी। ट्विटर पर चेन्नई के बाद बेंगलुरु को सबसे ज्यादा बार ट्वीट किया गया। वहीं, इस मामले में दिल्ली सबसे नीचे रही।
| पोजिशन | टीम |
| 1 | चेन्नई सुपर किंग्स |
| 2 | रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु |
| 3 | मुंबई इंडियंस |
| 4 | सनराइजर्स हैदराबाद |
| 5 | कोलकाता नाइट राइडर्स |
| 6 | राजस्थान रॉयल्स |
| 7 | किंग्स इलेवन पंजाब |
| 8 | दिल्ली कैपिटल्स |
लीग का ओपनिंग मैच सबसे ज्यादा लोकप्रिय
13वें सीजन के ओपनिंग मैच को ट्विटर पर सबसे ज्यादा ट्वीट किया गया। धोनी की कप्तानी वाली चेन्नई और रोहित शर्मा की मुंबई इंडियंस के बीच खेला गया मुकाबला सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा चर्चा में रहा। इसके बाद 4 अक्टूबर को मुंबई vs सनराइजर्स हैदराबाद और मुंबई vs पंजाब (डबल सुपर ओवर मैच) सबसे ज्यादा पसंद किए गए।
सचिन का ट्वीट 23000 से ज्यादा बार री-ट्वीट हुआ
निकोलस पूरन की कमाल की फील्डिंग पर सचिन ने ट्वीट किया था, ‘‘मैंने अपनी जिंदगी में इससे अच्छी फील्डिंग नहीं देखी।’’ इस ट्वीट को 23 हजार से ज्यादा बार ट्विटर पर री-ट्वीट किया गया। दरअसल, सीजन के 9वें मैच में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ पूरन ने अपनी फील्डिंग से सभी को चौंका दिया।
राजस्थान की पारी के 8वें ओवर की तीसरी गेंद पर संजू सैमसन ने एक लंबा शॉट खेला। जिसे लॉन्ग ऑन पर फील्डिंग कर रहे पूरन ने हवा में उड़ते हुए बाउंड्री के लगभग चार फीट अंदर जाकर बड़े सफाई से गेंद को मैदान के अंदर फेंक दिया।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
https://ift.tt/3pCQzYk November 18, 2020 at 01:59PM
https://ift.tt/1PKwoAf